झारखंड में साहित्य, संगीत नाट्य और ललित कला एकेडमी का होगा गठन, नियमावली का प्रारूप तैयार
झारखंड गठन के 22 वर्षों बाद पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्यविभाग के अंतर्गत झारखंड सांस्कृतिक कार्य निदेशालय ने झारखंड में साहित्य एकेडमी, संगीत नाट्य एकेडमी और ललित कला एकेडमी के गठन के लिये प्रस्ताव सह नियमावली का प्रारूप (ड्राफ्ट) तैयार कर लिया है।
इसकी ज़िम्मेदारी पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग को सौंपी गई है।
अपराध के मामलों में राँची पहले, धनबाद दूसरे व बोकारो तीसरे पायदान पर
क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो झारखंड के अनुसार, अपराध के मामलों में राँची पहले, धनबाद दूसरे व बोकारो तीसरे पायदान पर है।
जनवरी से जून के बीच चोरी के सबसे अधिक मामले राँची में 1278, धनबाद में 536, बोकारो में 397 व गिरिडीह में 151 दर्ज किये गए।
जनवरी से जून के बीच बलात्कार के मामले सबसे अधिक राँची में 90, गिरिडीह में 75, धनबाद में 38 तथा बोकारो में 32 मामले दर्ज किये गए।
झारखंड के पहले डीजीपी शिवाजी महान कैरे का निधन
इन्हें 12 नवंबर, 2000 को झारखंड का प्रथम पुलिस महानिदेशक बनने का गौरव प्राप्त हुआ।
पुलिस महानिदेशक के बाद शिवाजी महान कैरे का ट्रांसफर महानिदेशक (निगरानी) के पद पर किया गया था, जहाँ ये नवंबर 2002 तक कार्यरत् रहे।
उसके बाद इन्हें महानिदेशक सह महासमादेष्टा (गृह रक्षा वाहिनी) एवं अग्निशमन सेवा बनाया गया, जहाँ शिवाजी महान कैरे ने वर्ष 2004 तक अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया।
झारखंड के दो शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 से सम्मानित
5 सितंबर, 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में झारखंड के दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर के कुल 75 चयनित शिक्षकों को वर्ष 2023 के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया।
सभी पुरस्कृत शिक्षकों को पुरस्कारस्वरूप 50 हज़ार रुपए नकद, प्रशस्ति-पत्र, शॉल, दिया गया।
सम्मानित शिक्षकों में मध्य विद्यालय दीवानखाना चतरा के प्रभारी प्रधानाध्यापकमो. इजाजुल हक और सैनिक स्कूल तिलैयाकोडरमा के कंप्यूटर साइंस के शिक्षक मनोरंजन पाठक शामिल हैं।
मो. इजाजुल हक को यह सम्मान खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने, सामाजिक कार्यों के तहत छात्रों की बेहतरी के लिये हमेशा कार्य करने, अभिवंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, कला आधारित बच्चों को पढ़ाने पर दिया गया। वर्ष 2022 में उन्हें बेस्ट टीचर डिस्ट्रिक अवॉर्ड भी मिला था।
झारखंड कैबिनेट की बैठक में ट्रांसजेंडरों को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने समेत 34 प्रस्तावों को मंज़ूरी दी गई
6 सितंबर, 2023 को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कुल 34 प्रस्तावों सहित ट्रांसजेंडर समुदाय को पिछड़े वर्ग में शामिल करने पर मुहर लगी।
मंत्रिमंडल ने सामाजिक सहायता योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिये मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत पात्र लाभार्थी को वित्तीय सहायता के रूप में प्रति महीने एक हजार रुपए मिलेंगे।
महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, झारखंड में 2011 में करीब 11,900 ट्रांसजेंडर थे। वर्तमान में इनकी संख्या करीब 14,000 हो गयी है।
राज्य के 12 ज़िलों में कार्यरत 2500 सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा एक साल बढ़ाने की स्वीकृति दी है। पहले सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा छह साल के लिये थी। इसे सात साल के लिये कर दिया गया है।
आठवीं कक्षा में पढ़नेवाले विद्यार्थियों को साइकिल खरीद का पैसा उनके खाते में डीबीटी से देने की स्वीकृति दी है।
पुलिस पदाधिकारियों को झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर दिये जानेवाले पुलिस पदक की चयन प्रक्रिया में संशोधन किया गया है।
पहले मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी चयन करती थी।
अब गृह सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी तय करेगी।
झारखंड प्रशासनिक सेवा की सीमित परीक्षा में अनुकंपा पर नियुक्त कर्मी भी शामिल हो सकेंगे। इसके लिये सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा नियमावली-2015 में संशोधन किया है।
राज्य के वित्त रहित शैक्षणिक संस्थानों को नैक ग्रेडिंग के आधार पर ही अनुदान मिलेगा।
छात्रों की संख्या 2001 से अधिक है और नैक का ए ग्रेडिंग है, उसे 30 लाख रुपए तक अनुदान मिलेगा।
जबकि सबसे न्यूनतम विद्यार्थी संख्या 200 से 500 होने और ग्रेड सी होने पर चार लाख रुपए अनुदान मिलेगा।
कांची सिंचाई योजना के लिये ईचागढ़ नहर के पुनर्स्थापन के लिये 63.56 करोड़ प्रशासनिक स्वीकृति।
झारखंड किशोर न्याय नियमावली-2003 के तहत रांची एवं पूर्वी सिंहभूम में एक-एक अतिरिक्त किशोर न्याय बोर्ड के गठन को स्वीकृति।
राँची के ब्रह्म मंदिर को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने पर दोबारा निर्णय ले एएसआई : झारखंड हाईकोर्ट
5 सितंबर, 2023 को राँची के ऐतिहासिक टैगोर हिल के ऊपर स्थित ब्रह्म मंदिर के संरक्षण व राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने को लेकर दायर जनहित याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा है कि टैगोर हिल के ब्रह्म मंदिर को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने के संबंध में भारतीय पुरातत्त्व विभाग (एएसआई) तीन माह के अंदर फिर से निर्णय ले।
खंडपीठ ने राज्य सरकार को टैगोर हिल के ब्रह्म मंदिर, कुसुम ताल, शांति धाम व समाधि स्थल का संरक्षण तथा रख-रखाव करने का निर्देश दिया।
ब्रह्म मंदिर के संरक्षण के साथ-साथ इसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग सोसाइटी ऑफ प्रिजर्वेशन ऑफ ट्राइबल कल्चर एंड नेचुरल ब्यूटी की ओर से जनहित याचिका दायर की गई थी।
मोरहाबादी में टैगोर हिल के ऊपर स्थित ब्रह्म मंदिर 1910 में बना था।
इसे गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के बड़े भाई ज्योतिरिंद्रनाथ टैगोर ने बनवाया था।
महादेव टोप्पो साहित्य अकादमी के COLIT सदस्य बने
6 सितंबर, 2023 को झारखंड के साहित्यकार महादेव टोप्पो को साहित्य अकादमी के सेंटर फॉर ओरल एंड ट्राइबल लिटरेचर (सीओटी लिट) का बोर्ड मेंबर नियुक्त किया गया है।
महादेव टोप्पो का जन्म रांची ज़िले के हुलसी गांव में वर्ष 1954 में एक कुड़ूख आदिवासी परिवार में हुआ था।
उनकी प्रमुख रचनाओं में ‘जंगल पहाड़ के पाठ (कविता संग्रह)’, ‘सभ्यों के बीच आदिवासी (लेख संग्रह)’ तथा कविता-संग्रह ‘जंगल पहाड के पाठ’, का अंग्रेजी, मराठी और संताली में अनुवाद आदि शामिल है।
उन्होंने कुड़ूख फिल्म ‘पहाड़ा’ तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित ‘एड़पा काना (गोइंग होम)’ में अभिनय भी किया है।
उन्होंने अपनी मातृभाषा कुड़ूख में लघु-नाटक की रचना भी की है।
झारखंड स्कूल इनोवेशन चैलेंज-2023
9 सितंबर, 2023 को धनबाद आईआईटी आईएसएम द्वारा आयोजित झारखंड स्कूल इनोवेशन चैलेंज-2023 में पूर्वी सिंहभूम का लोयला स्कूल स्टेट चैंपियन बना।
प्रतियोगिता में देवघर ज़िला के मधुपुर के महेंद्र मुनि सरस्वती विद्या मंदिर की टीम द्वितीय और जमशेदपुर के हिल टॉप स्कूल की टीम तृतीय स्थान पर रही।
3400 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा ओडिशा-झारखंड एक्सप्रेस-वे, डीपीआर तैयार
ओडिशा के लिट्टीबेडा से राँची में सीठियो (रिंग रोड) तक बननेवाले एक्सप्रेस-वे की डीपीआर तैयार हो गई है। कुल 147 किमी. लंबा एक्सप्रेस-वे बनना है, जो पूरी तरह से ग्रीन कॉरिडोर होगा।
इसमें से 121 किमी. झारखंड में बनना है। यहाँ करीब 3400 करोड़ रुपए से तीन फेज का काम होना है।
वहीं, ओडिशा में करीब 26 किमी. का निर्माण कराया जाएगा। इसकी लागत करीब 700 करोड़ रुपए आएगी।
इस सड़क के बन जाने से राँची से संबलपुर करीब दो घंटे में ही पहुँचा जा सकेगा।
झारखंड में तीन चरणों में काम होना है। पहले चरण में केरिया से क्योंदपानी तक करीब 30.35 किमी. का काम होना है।
वहीं दूसरे चरण में क्योंदपानी से लतरा तक 43.7 किमी. तथा तीसरे चरण में लतरा से सीठियो (राँची) तक करीब 47 किमी. का काम होगा।
ओडिशा में लिटेीबाड़ा से जोराम होते हुए जामटोली (केरिया) तक दो चरणों में सड़क बनेगी।
दूसरा सुबर्नशिला सम्मान शेखर मल्लिक, दिलीप चक्रवर्ती और शांता चक्रवर्ती को दिये जाने की हुई घोषणा
9 सितंबर, 2023 को झारखंड के घाटशिला की सांस्कृतिक साहित्यिक संस्था ‘विभूति स्मृति संसद’द्वारा प्रतिवर्ष बांग्ला सहित अन्य भाषाओं में उल्लेखनीय साहित्यिक योगदान के लिये दिये जाने वाला ‘सुबर्नशिला सम्मान’इस वर्ष शेखर मल्लिक सहित दिलीप चक्रवर्ती और शांता चक्रवर्ती को दिये जाने की घोषणा हुई है।
गत वर्ष हिन्दी के महत्त्वपूर्ण कथाकार रणेंद्र जी को यह सम्मान प्रदान किया गया था।
शेखर मल्लिक की किताबें / उपन्यास कालचिति बहुत मशहूर है और ‘डायनमारी’,‘जंगल मोर दुलाड़िया’ जैसी कहानियाँ भी चर्चित हैं।
दिलीप चक्रवर्ती की कुछ चर्चित पुस्तकें ‘ताहादेर प्रेम कथा’, ‘लॉक डाउनेर दिनगुली’ और ‘श्रेणी संग्रामेर सब्यसाची’ आदि हैं।
‘विभूति स्मृति संसद’ विभूति भूषण बंद्योपाध्याय की 129वीं जयंती के मौके पर आगामी 12 सितंबर, 2023 को विभूति मंच, कॉलेज रोड (घाटशिला) में एक साहित्य सभा के अंतर्गत यह सम्मान समारोह आयोजित होगा।
झारखंड को मिली पहली विस्टाडोम कोच वाली ट्रेन
12 सितंबर, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के राँची-न्यूगिरिडीह-राँची इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ हो गया है। इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें विस्टाडोम कोच की भी व्यवस्था की गई है।
ट्रेन को 12 सितंबर को पूर्व-मध्य रेलवे के अंतर्गत न्यूगिरिडीह स्टेशन पर सुबह 10 बजे केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी द्वारा हरी झंडी दिखाई गई।
इस ट्रेन में लगा विस्टाडोम कोच एक प्रकार से पर्यटक कोच होगा, जिसकी ग्लास की खिड़कियाँ बड़ी होगी। साथ ही इसमें छत पर भी पारदर्शी खिड़कियाँ लगी होंगी।
गुमला, सिमडेगा व हज़ारीबाग ज़िले में होगा महाझींगा मछली का पालन
13 सितंबर, 2023 को झारखंड के मत्स्य विभाग ने केंद्रीय अंतर स्थलीय मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर) बैरकपुर, कोलकाता के सहयोग से राज्य के जलाशयों में महाझींगा संवर्धन के माध्यम से जनजातीय समुदायों की आजीविका में सुधार के लिये पहल की है, जिसके अंतर्गत राज्य के गुमला, सिमडेगा व हज़ारीबाग ज़िलों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत मत्स्य पालक किसानों से महाझींगा का पालन कराया जाएगा।
प्रोजेक्ट के तहत 16 व 18 सितंबर, 2023 को गुमला के मसरिया बांध व हज़ारीबाग में दो-दो लाख तथा सिमडेगा के केलाघाघ में चार लाख महाझींगा मछली के बीज डाले जाएंगे।
यह मछली 400-500 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिकती है।
राँची में 17 सितंबर को लॉन्च होगी प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना
13 सितंबर, 2023 को राँची में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना 17 सितंबर को लॉन्च होगी।
इस योजना का लाभ लोहार, कुम्हार, राजमिस्त्री, धोबी, फूल कारोबारी, मछली का जाल बुनने वाले, ताला व चाबी बनाने वाले व मूर्तिकार इसके अलावा अन्य क्षेत्र के श्रमिकों को भी दिया जाएगा।
योजना के तहत पहले चरण में एक लाख रुपए तक का कर्ज़ पाँच फीसदी के ब्याज पर मिलेगा तथा दूसरे चरण में योग्य कामगारों को दो-दो लाख रुपए का रियायती कर्ज़ मिलेगा।
वहीं आधुनिक उपकरण खरीदने के लिये 15 हज़ार रुपए की आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
इस योजना के तहत लाभ पाने के लिये न्यूनतम आयु 18 साल रखी गई है।
परिवार के एक ही सदस्य को इस योजना का लाभ मिलेगा।
पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा बने JSSC अध्यक्ष
14 सितंबर, 2023 को झारखंड पुलिस के पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।
नीरज सिन्हा की जन्मतिथि 8 जनवरी, 1962 है, ऐसे में वह झारखंड कर्मचारी चयन आयोग में पदभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम 65 साल की उम्र तक इस पद पर बने रहेंगे।
वर्तमान अध्यक्ष सुधीर त्रिपाठी का कार्यकाल 22 सितंबर को समाप्त हो रहा है।
नीरज सिन्हा 1987 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं।
12 फरवरी, 2023 को वह झारखंड डीजीपी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे दो सालों तक वह झारखंड के डीजीपी रहे।
झारखंड में मेडिको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा, टूरिस्ट स्पॉट्स पर खुलेंगे योगायुष केंद्र
झारखंड के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स पर मेडिको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिये योगायुष केंद्र खोलने की योजना है।
यहाँ पर्यटकों को एक छत के नीचे योग-आयुर्वेद और पंचकर्म का अनुभव मिलेगा।
इसके लिये तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों का चयन किया गया है। इनमें नेतरहाट, पतरातू और मैक्लुस्कीगंज शामिल हैं।
राज्य सरकार द्वारा इन्हें योगायुष केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है।
सेंटर को श्रेष्ठ प्रामाणिक आयुर्वेदिक क्लिनिक, पंचकर्म केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा। यहाँ पर्यटन के साथ ही तनाव मुक्ति जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
झारखंड के पहले सोलर प्लांट का उद्घाटन
15 सितंबर, 2023 को केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद ने DVC द्वारा संचालित कोडरमा थर्मल पावर प्लांट , KTPS एरिया वन में स्थापित सौर ऊर्जा विद्युत उत्पादन प्लांट (सोलर प्लांट) का उद्घाटन किया।
एरिया वन में झारखंड के पहले दस मेगावाट के सोलर प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें आज के टेस्टिंग चार्ज उद्घाटन के बाद दो मेगावाट बिजली उत्पादन शुरू हो गया।
करीब 70 करोड़ की लागत से 50 एकड़ में इसकी स्थापना की जा रही है।
प्रधानमंत्री करेंगे बोकारो व दुमका एयरपोर्ट का उद्घाटन
नरेंद्र मोदीजनवरी 2024 में झारखंड के बोकारो और दुमका एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।
बोकारो व दुमका में विमान परिचालन शुरू होने के बाद झारखंड विमानन सेवा में बिहार से आगे होगा।
नागर विमानन मंत्रालय ने बोकारो, दुमका के बाद हजारीबाग और डाल्टनगंज के हवाई अड्डे के पुनरुद्धार की भी योजना बनाई है।
देवघर में पाँच हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिये बनेगा भवन
देवघर ज़िला के शहरी क्षेत्रों में पाँच नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण कराया जाएगा।
15वें वित्तीय वर्ष 2021-22 के अंतर्गत केंद्रीय वित्त आयोग व राज्य योजना के तहत देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में पाँच हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत राज्य सरकार की ओर से 1.72 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
देवघर नगर निगम के अंतर्गत चंदाजोरी, बैद्यनाथपुर और बरियारबांधी में तथा मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत चांदमारी और लालगढ़ में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण कराया जाएगा।
एक-एक भवन निर्माण के लिये 34 लाख 45 हज़ार की राशि की स्वीकृति मिली है।
‘हमारी गोमाता हमारा दायित्व’ योजना का प्रस्ताव पारित
20 सितंबर, 2023 को नेपाल हाउस में झारखंड गो सेवा के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद की अध्यक्षता में ‘हमारी गोमाता हमारा दायित्व’ योजना के साथ कई अन्य प्रस्ताव पारित किये गए।
यह गोशालाओं में पोषित गोवंशीय पशुओं को गोद लेने के रूप में क्रियान्वित की जाएगी।
इस मद में आने वाला दान गोशाला खाते में जमा किया जाएगा।
बेरमो के ढोरी एरिया में लगेगी CCL की पहली हाइवॉल माइनिंग
बोकारो ज़िले में बेरमो कोयलांचल अंतर्गत सीसीएल के ढोरी एरिया में सीसीएल की पहली हाइवॉल माइनिंग लगेगी।
2024 के फरवरी-मार्च तक यहाँ हाइवॉल माइनिंग से कोयला उत्पादन शुरू होने की संभावना है।
झारखंड में पेसा कानून को दिया गया अंतिम रूप
24 सितंबर, 2023 को झारखंड सरकार ने पेसा रूल-2022 को अंतिम रूप दे दिया है।
पेसा रूल में ग्रामसभाओं को ‘शक्तिशाली’और ‘अधिकार संपन्न’बनाने का प्रावधान किया गया है।
इसके तहत ग्रामसभा की बैठकों की अध्यक्षता मानकी, मुंडा आदि पारंपरिक प्रधान ही करेंगे।
पंचायत सचिव ‘ग्रामसभा सचिव’के रूप में काम करेंगे।
बैठकों में कोरम पूरा करने के लिये 1/3 सदस्यों की मौजूदगी जरूरी है। कोरम पूरा करने के लिये निर्धारित इस संख्या में 1/3 महिलाओं की उपस्थिति भी जरूरी है।
ग्रामसभा की बैठक में अभद्र व्यवहार करने, अनुशासन तोड़नेवाले सदस्य को बैठक से निष्कासित करने का अधिकार सभा के अध्यक्ष को दिया गया है।
ग्रामसभा की सहमति के बिना जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जा सकेगा। ग्रामसभा का फैसला ही अंतिम होगा।
आदिवासियों की ज़मीन खरीद-बिक्री मामले में भी ग्रामसभा की सहमति की बाध्यता होगी।
ग्रामसभा गाँव में विधि-व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से आईपीसी की कुल-36 धाराओं के तहत अपराध करने वालों पर न्यूनतम 10 रुपए से अधिकतम 1000 रुपए तक का दंड लगा सकेंगी।
दंड की अपील पारंपरिक उच्च स्तर के बाद सीधे हाइकोर्ट में की जाएगी।
पेसा रूल में पुलिस की भूमिका निर्धारित करते हुए किसी की गिरफ्तारी के 48 घंटे के अंदर गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी ग्रामसभा को देने की बाध्यता तय की गई है।
इसमें कुल 17 अध्याय और 36 धाराएँ हैं।
पेसा रूल में ग्रामसभा में कोष स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। इसे अन्न कोष, श्रम कोष, वस्तु कोष, नकद कोष के नाम से जाना जाएगा।
नकद कोष में दान, प्रोत्साहन राशि, दंड, शुल्क, वन उपज से मिलने वाले रॉयल्टी, तालाब, बाजार आदि के लीज से मिलने वाली राशि रखी जाएगी।
ग्रामसभा में बक्से में बंद कर अधिकतम 10 हज़ार रुपए ही रखे जाएंगे।
इससे अधिक जमा हुई राशि को बैंक खाते में रखा जाएगा।
पैसा रुल के अनुसार ग्रामसभाएँ ही संविधान के अनुच्छेद-275(1) के तहत मिलनेवाले अनुदान और ज़िला खनिज विकास निधि (डीएमएफटी) से की जाने वाली योजनाओं का फैसला करेंगी। योजना के लाभुकों का चयन ग्रामसभा के माध्यम से किया जाएगा। विभाग द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं के लिये ग्राम सभा के द्वारा विचार-विमर्श करना होगा।
पेसा रूल के प्रावधानों के सामाजिक, धार्मिक और प्रथा के प्रतिकूल होने की स्थिति में ग्रामसभा को इस पर आपत्ति दर्ज करने का अधिकार होगा। इस तरह के मामलों में ग्रामसभा प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को भेजेगी।
सरकार 30 दिनों के अंदर एक उच्चस्तरीय समिति बनाएगी। यह समिति 90 दिनों के अंदर सरकार को अपनी रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर सरकार फैसला करेगी और ग्रामसभा को सूचित करेगी।
ग्रामसभा अपनी पारंपरिक सीमा के अंदर प्राकृतिक स्रोतों का प्रबंधन करेगी। ग्रामसभा को वन उपज पर अधिकार दिया गया है। साथ ही वन उपज की सूची में पादक मूल के सभी गैर-इमारती वनोत्पाद को शामिल किया गया है।
वन उपज की सूची में बांस, झाड़-झंखाड़, ठूंठ, बेंत, तुसार, कोया, शहद, मोम, लाह, चार, महुआ, हर्रा, बहेरा, करंज, सरई, आंवला, रुगड़ा, तेंदू, केंदू पत्ता के अलावा औषधीय पौधों और जड़ी-बूटी को शामिल किया गया है।
ग्रामसभा को लघु खनिजों का अधिकार दिया गया है।
ग्रामसभाएँ सामुदायिक संसाधनों का नियंत्रण समुदाय के पारंपरिक पद्धति और प्रथाओं से करेंगी। हालाँकि, इस दौरान विल्किसन रूल्स, छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, संताल परगना काश्तकारी अधिनियम सहित अन्य कानूनों का ध्यान रखा जाएगा।
झारखंड के सरकारी स्कूलों में होगा ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम का आयोजन
25 सितंबर, 2023 को झारखंड के स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग द्वारा सभी सरकारी स्कूलों में ‘मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा।
स्कूल से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसमें राष्ट्रीय ध्वज, स्थानीय वीरों के पोस्टर रखे जाएंगे।
राज्यसभा के उपसभापति ने पद्मश्री बलबीर दत्त की पुस्तक ‘भारत विभाजन और पाकिस्तान के षडयंत्र’ का किया लोकार्पण
25 सितंबर, 2023 को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने राँची में आयोजित पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम में पद्मश्री बलबीर दत्त की पुस्तक ‘भारत विभाजन और पाकिस्तान के षड्यंत्र’का लोकार्पण किया।
बलबीर दत्त का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था।
झारखंड ने लगातार दूसरे वर्ष सुब्रतो कप फुटबॉल इंटरनेशनल टूर्नामेंट जीता
26 सितंबर, 2023 को नई दिल्ली में आयोजित 62वीं सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में अंडर 17 बालिका वर्ग में झारखंड ने हरियाणा को 3-0 से हराकर लगातार दूसरे वर्ष खिताब में जीत दर्ज की।
झारखंड से संत पैट्रिक स्कूल, गुमला स्थित आवासीय सेंटर की टीम टूर्नामेंट में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही थी।
झारखंड टीम ने 6 मैच में कुल 49 गोल कर नया इतिहास रचा।
स्मार्ट सिटी में पूर्वी ज़ोन से राँची को बेस्ट परफॉर्मर अवॉर्ड मिला
27 सितंबर, 2023 को इंदौर में आयोजित इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव-2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राँची को पूर्वी ज़ोन के स्मार्ट शहरों में बेस्ट परफॉर्मर के अवॉर्ड से सम्मानित किया।
स्मार्ट सिटी मिशन के सिक्योरिटी, ट्रैफिक मैनेजमेंट, अर्बन मोबिलिटी, सोशल एस्पेक्ट और लैंड मोनेटाइजेशन इत्यादि कार्यों के क्रियान्वयन में बेस्ट परफॉर्मर के रूप में स्थापित करने के लिये राँची को पूर्वी ज़ोन के स्मार्ट शहरों में बेस्ट परफॉर्मर सिटी का अवॉर्ड दिया गया है।
स्मार्ट सिटी मिशन25 जून, 2015 को लॉन्च किया गया था।
मैकलुस्कीगंज को बेस्ट टूरिस्ट गाँव का पुरस्कार मिला
27 सितंबर, 2023 को केंद्रीय पर्यटन विभाग के सचिव वी. विद्यापति ने झारखंड के ‘मैकलुस्कीगंज’को बेस्ट टूरिस्ट गाँव का पुरस्कार प्रदान किया।